बुलंदशहर में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी:एसएसपी से लगाई गुहार,युवक से 3.30 लाख रुपये ठगे...TV Newsकल तक

RKRTNत

Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक

February 10, 2026

बुलंदशहर में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी:एसएसपी से लगाई गुहार,युवक से 3.30 लाख रुपये ठगे...TV Newsकल तक

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गौतम बुद्ध नगर के रबूपुरा थाना क्षेत्र के फलेदा निवासी मोहित पुत्र नरेश ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मोहित का आरोप है कि उससे 3.30 लाख रुपये ठगे गए हैं। मोहित ने बताया कि उसके रिश्तेदार बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में रहते हैं। वहीं उसकी मुलाकात जितेंद्र नामक व्यक्ति से हुई। जितेंद्र ने मोहित को सरकारी नौकरी, खासकर सेना में भर्ती कराने का झांसा दिया। उसने दावा किया कि उसका भाई राहुल सेना में एक अधिकारी है और उसकी अच्छी पकड़ है। जितेंद्र ने मोहित से नौकरी के लिए 5 लाख रुपये की मांग की। मोहित ने कुछ समय बाद उसे 3 लाख 30 हजार रुपये दे दिए। पैसे लेने के बाद जब भी मोहित जितेंद्र को फोन करता, तो वह खुद को सेना में भर्ती प्रक्रिया में व्यस्त बताकर कॉल काट देता था। काफी समय बीत जाने के बाद मोहित को पता चला कि जितेंद्र फर्जी तरीके से पैसे लेता है और उसका कोई वास्तविक जुगाड़ नहीं है। जांच करने पर मोहित को यह भी जानकारी मिली कि जितेंद्र के खिलाफ पहले से ही थाना बीबी नगर और थाना ताजगंज (जनपद कमिश्नरेट आगरा) में फर्जी सरकारी नौकरी के मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त, उसके खिलाफ कोतवाली देहात और थाना चोला में भी मामले दर्ज हैं। मोहित के अनुसार, जितेंद्र ने चोला थाने में समाज के लोगों के सामने अपने फोन से 20 हजार रुपये वापस किए। उसने एक लिखित समझौता भी किया, जिसमें 1 लाख 10 हजार रुपये 20 अगस्त 2025 तक और शेष 2 लाख रुपये दिसंबर 2025 तक वापस करने का वादा किया। इस दौरान, जितेंद्र ने भारतीय स्टेट बैंक शाखा ककोड का 99 हजार रुपये का एक चेक भी दिया। हालांकि, जितेंद्र मोहित को बहकाकर उसकी बुलेट बाइक यह कहकर ले गया कि वह किसी से पैसे लेने जा रहा है। उस दिन के बाद से जितेंद्र फरार है। मोहित की बुलेट बाइक और बचे हुए पैसे उसने वापस नहीं किए हैं। जितेंद्र के खिलाफ थाना ककोड में मुकदमा संख्या 05/2026, धारा 318, 435(2), 351 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। मोहित का आरोप है कि जब वह अपने पैसे और बाइक मांगता है, तो जितेंद्र उसे जान से मारने की धमकी देता है और गाली-गलौज करता है। जितेंद्र तब से अपने घर से फरार है।

Published on February 10, 2026 by Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
    Built with v0