बुलंदशहर में भाजपा मंडल मंत्री समेत नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर:सूफियान हत्याकांड: 37 घंटे बाद भी आरोपी फरार,परिजनों में रोष...TV Newsकल तक
Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
January 06, 2026
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा के पास हुए सूफियान हत्याकांड में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। हत्या के 37 घंटे बीत जाने के बावजूद भाजपा मंडल मंत्री पिंटू चौधरी समेत अन्य नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे मृतक के परिजनों और समर्थकों में भारी रोष व्याप्त है। यह वारदात रविवार रात करीब आठ बजे हुई थी। पूर्व विधायक मरहूम हाजी अलीम के भतीजे सूफियान (43) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके भाई अकरम (45) को गंभीर हालत में घायल कर दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि बाग की पैमाइश को लेकर हुए विवाद में भाजपा मंडल मंत्री पिंटू चौधरी अपने भाइयों व अन्य अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। हमले के बाद सूफियान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अकरम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया। घटना के बाद जिला अस्पताल और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित करने का दावा किया है, लेकिन 37 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। इससे परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों और समर्थकों ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस केवल आश्वासन दे रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल सूफियान हत्याकांड ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस की कार्रवाई पर आमजन की निगाहें टिकी हुई हैं।
Related Articles
बुलंदशहर- जुलाई माह में पुलिस ने गुम व खोए 146 मोबाइल फोन किए बरामद।
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026
बुलंदशहर : 30 वर्षीय युवक ने गंगावली पुल से शराब के नशे में नहर में लगाई छलांग
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026
बुलंदशहर में पुलिस की मुस्तैदी से टले दो बड़े हादसे:नहर और नदी में कूदीं दो महिलाओं की बचाई गई जान
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026