बुलंदशहर सदर विधायक की कार्यशैली पर सवाल:विधायक निधि का 8% ही सड़क निर्माण पर खर्च,लाइट-वाटर कूलर को प्राथमिकता...TV Newsकल तक
Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
January 09, 2026
बुलंदशहर के सदर विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्रदीप चौधरी की निधि से कराए गए विकास कार्यों पर सवाल उठ रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विधायक निधि का एक बड़ा हिस्सा सड़कों के बजाय लाइट, वाटर कूलर और यात्री शेड पर खर्च किया गया है, जबकि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। जानकारी के मुताबिक, विधायक प्रदीप चौधरी ने अपने पहले वर्ष की निधि का अधिकांश हिस्सा लाइट और वाटर कूलर लगाने में व्यय किया। इस अवधि में कुल 206 कार्य कराए गए, जिनमें 144 स्थानों पर लाइटें और 59 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए। पहले वर्ष में केवल दो स्थानों पर ही सड़कों का निर्माण हो सका। दूसरे वर्ष की निधि से कुल 57 कार्य हुए, जिनमें 48 यात्री शेड, तीन लाइटें और पांच सड़क निर्माण शामिल थे। तीसरे वर्ष में अब तक 39 कार्य पूरे किए गए हैं, जिनमें 20 लाइटें और 19 सड़क निर्माण के कार्य शामिल हैं। इस प्रकार, तीन वर्षों में कुल 26 सड़कों का ही निर्माण हो पाया है। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि सदर विधानसभा की कई प्रमुख और संपर्क सड़कें खराब हालत में हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। लोगों का आरोप है कि लगभग एक साल पहले 10 लाख रुपये की औसत लागत से बनाए गए यात्री शेड भी जर्जर हो चुके हैं, उनकी टाइल्स टूट गई हैं और फर्श धंसने लगा है। इसके बावजूद सड़क निर्माण के बजाय अन्य कार्यों को प्राथमिकता दी गई। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, विधायक निधि का उद्देश्य मूलभूत समस्याओं का समाधान करना है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। जनता अब जर्जर सड़कों से राहत और विकास कार्यों में संतुलन की मांग कर रही है।
Related Articles
बुलंदशहर- जुलाई माह में पुलिस ने गुम व खोए 146 मोबाइल फोन किए बरामद।
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026
बुलंदशहर : 30 वर्षीय युवक ने गंगावली पुल से शराब के नशे में नहर में लगाई छलांग
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026
बुलंदशहर में पुलिस की मुस्तैदी से टले दो बड़े हादसे:नहर और नदी में कूदीं दो महिलाओं की बचाई गई जान
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026