बुलंदशहर में मिनी बाईपास का प्रस्ताव अटका:पैसे न मिलने से प्रक्रिया लटकी,दो विभागों के बीच छह लाख रुपये का विवाद...TV Newsकल तक
Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
January 30, 2026
बुलंदशहर में मिनी बाईपास बनाने का प्रस्ताव दो विभागों के बीच छह लाख रुपये के विवाद के कारण अटक गया है। नगर पालिका बोर्ड बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बावजूद, प्रशासनिक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। यह मिनी बाईपास नगर के मुख्य नाले की पटरी पर प्रस्तावित है। नगर के बीच से गुजरने वाला यह मुख्य नाला सिंचाई विभाग के अधीन है और इसकी स्थिति बेहद खराब है। लगभग एक साल पहले, नगर पालिका और सिंचाई विभाग ने मिलकर इस नाले के पक्के निर्माण और उसकी पटरी पर सड़क बनाकर उसे मिनी बाईपास के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी। इस योजना के तहत एक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाना था। चूंकि नाला सिंचाई विभाग का है, इसलिए प्रस्ताव तैयार करने और राज्य आपदा न्यूनीकरण मद से धनराशि प्राप्त कर निर्माण कार्य कराने की जिम्मेदारी उसी विभाग की थी। सिंचाई विभाग ने ड्राइंग और अन्य औपचारिकताओं के लिए नगर पालिका से छह लाख रुपये की मांग की थी। यह धनराशि अब तक नगर पालिका द्वारा नहीं दी जा सकी है, जिसके कारण पूरी प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। लगभग नौ महीने पहले नाले और सड़क की ड्राइंग तैयार कर ली गई थी। योजना के अनुसार, रोडवेज बस अड्डे से काली नदी तक करीब तीन किलोमीटर लंबा नाला पक्का किया जाना था। इसकी पटरी पर सड़क बनाकर उसे मिनी बाईपास के रूप में उपयोग किया जाना था, जिससे रोडवेज बस अड्डे से आसपास की कॉलोनियों और बाईपास के बीच सीधा आवागमन संभव हो पाता। हालांकि, अधिकारियों की सुस्ती के चलते यह महत्वपूर्ण योजना अभी भी कागजों तक ही सीमित है और इसका साकार होना फिलहाल दूर की कौड़ी लग रहा है।
Related Articles
बुलंदशहर- जुलाई माह में पुलिस ने गुम व खोए 146 मोबाइल फोन किए बरामद।
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026
बुलंदशहर : 30 वर्षीय युवक ने गंगावली पुल से शराब के नशे में नहर में लगाई छलांग
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026
बुलंदशहर में पुलिस की मुस्तैदी से टले दो बड़े हादसे:नहर और नदी में कूदीं दो महिलाओं की बचाई गई जान
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • August 08, 2026