बुलंदशहर में शहर से देहात तक पांच घंटे तक गुल रही बिजली:बकरीद पर भी बिजली संकट जारी रहा...TV Newsकल तक

RKRTNत

Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक

May 29, 2026

बुलंदशहर में शहर से देहात तक पांच घंटे तक गुल रही बिजली:बकरीद पर भी बिजली संकट जारी रहा...TV Newsकल तक

बुलंदशहर जिले में बकरीद के त्योहार पर भी बिजली संकट से लोगों को राहत नहीं मिली। शहर से लेकर देहात तक कई इलाकों में चार से पांच घंटे तक बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बनी रही, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर क्षेत्र के साठा, देवीपुरा, ऊपरकोट, अंसारी रोड, राजेबाबू रोड, शांति नगर, कृष्णानगर, काला आम, भूड, नई मंडी, मुरारीनगर और राधानगर जैसे कई मोहल्लों में दिनभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। बार-बार ट्रिपिंग के कारण कई स्थानों पर इनवर्टर भी काम करना बंद कर गए। लो वोल्टेज के चलते कूलर, पंखे और एयर कंडीशनर भी ठीक से नहीं चल पाए। देहात क्षेत्र में भी स्थिति खराब रही। सिकंदराबाद, जहांगीराबाद, अनूपशहर, स्याना, डिबाई, खुर्जा, औरंगाबाद और अगौता क्षेत्र के गांवों में घंटों बिजली कटौती की शिकायतें सामने आईं। ग्रामीणों ने बताया कि त्योहार के दिन भी बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई, जिससे नमाज और कुर्बानी के दौरान भी लोगों को असुविधा हुई। कई मोहल्लों में निवासियों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की। व्यापारियों का कहना था कि लगातार कटौती से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, जबकि घरेलू उपभोक्ता गर्मी के कारण रातभर जागने को मजबूर हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग न तो निर्धारित रोस्टर का पालन कर रहा है और न ही बिजली कटौती की पूर्व सूचना दे रहा है। दूसरी ओर, बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बढ़ी हुई मांग और ओवरलोड के कारण कुछ क्षेत्रों में फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमें लगातार फॉल्ट ठीक करने में जुटी हुई हैं और व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Published on May 29, 2026 by Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
    Built with v0